बुधवार, 16 जनवरी 2013

घरौंदे


लड़कियाँ बनती हैं घरौंदे
रखती हैं
एक अदद चूल्हा
मिट्टी का,
लकड़ियाँ , चारपाई
छोटे छोटे बर्तन-भाड़े
फूस और मिट्टी के
देखती है स्वप्न
रचने का अपना घर ,
लड़कियाँ बनती हैं पुतली
जोड़-गांठ कर फटे-पुराने कपडे
सजाती हैं उसे गहनों से
बनती हैं दुल्लहन
रचती हैं ब्याह--
स्वप्न भविष्य का
लडके बाराती बनते हैं
खाते हैं महुए के पत्तलों में
भांति भांति के व्यंजन
बिदा करते हैं दुल्हन
बर्तन-भाड़ों के साथ

लड़कियाँ अगोरती हैं
खाली घर ओसारे
आंगन में चारपाई से सर टिका
सो रहती हैं जैसे सोईं हों मांएं
बाद बेटी की बिदाई के.

कोई टिप्पणी नहीं: