रविवार, 17 सितंबर 2023

वासुदेव शरण अग्रवाल : चयन और मूल्यांकन की दो दृष्टियाँ

वासुदेव शरण अग्रवाल मेरे प्रिय लेखकों में एक हैं। भारतीय संस्कृति की मेरी थोड़ी बहुत समझ जिन लेखकों को पढ़कर बनी है, वे उनमें से प्रमुख हैं। दुर्भाग्यवश साहित्य के अंचल में उनकी चर्चा थोड़ी कम होती है। इसका और कोई कारण हो या न हो एक कारण यह जरूर है कि साहित्य की चर्चाएँ प्रायः कविता और कथा की देहरी पर आकर ठिठक जाती है। इनकी सरस और सम्मोहिनी भंगिमा के आकर्षण में बंध आगे निबंध, आलोचना और कथेतर गद्यविधाओं तक पहुँच ही नहीं पाती हैं, अवश्य ही अचार्य शुक्ल और अचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी जैसे अक्खड़ और फक्कड़ निबंधकर इसके अपवाद हैं। फिर,  कला और इतिहास के अध्येता होने के कारण उन्हें साहित्येतर खाते में खतियाने की पर्याप्त छूट भी मिल जाती है।
 साहित्य अकादेमी की भारतीय साहित्य के निर्माता शृंखला में आचार्य राममूर्ति त्रिपाठी द्वार लिखित विनिबंध, 2012 में साहित्य अकादमी द्वारा ही प्रकाशित कपिला वात्स्यायन जी द्वारा संकलित - संपादित 'वासुदेवशरण अग्रवाल: रचना-संचयन' के बाद महात्मा गाँधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय के तत्वावधान में प्रभात प्रकाशन द्वारा प्रकाशित 'राष्ट्र, धर्म और संस्कृति' पुस्तक विशिष्ट लगी। कपिला जी ने अपने सम्पादित संचयन में आचार्य अग्रवाल के प्रति शिष्या भाव से श्रद्धांजलि तथा उनकी समग्र झाँकी प्रस्तुत करने का प्रयास किया है। नए पाठक को अग्रवाल जी के साहित्य और उनके लेखन की विविधता से अधिक से अधिक परिचित कराने की चाह के कारण पुस्तक का आकर संचयन की दृष्टि से समृद्ध हो गया है। 
'राष्ट्र, धर्म और संस्कृति' पूर्व संचयन की तुलना में संक्षिप्त है।
यहां निबंधों के चयन में प्रतिनिधित्व की तुलना में संपादक की अंतर्दृष्टि प्रभावी है, जिसका संकेत बहुत दूर तक पुस्तक के शीर्षक और फिर उसकी भूमिका में बहुत स्पष्ट मिल जाता है। भूमिका का समापन इन पंक्तियों के साथ होता है: ' भारत राष्ट्र का निर्माण और संस्कृति की भित्ति पर हुआ है। इसलिए इस संचयन का नाम 'राष्ट्र धर्म और संस्कृति' रखा गया है। इसमें द्वीपांतर से लेकर ईरान और मध्य एशिया तक तथा असेतुहिमाचल मृण्मय भारत और चिन्मय भारत से संबद्ध वासुदेव जी के लेख संकलित हैं। चिन्मय भारत सहस्र - सहस्र वर्षों से प्रवाहित अजस्र धारा का सनातन प्रवाह है, यही इन निबंधों की टेक है; प्रतिपाद्य है।"

कोई टिप्पणी नहीं: